Weather Update : वाराणसी में पिछले दो दिनों से मौसम खुशगवार बना हुआ है, आसमान में बदलो ने डेरा डाला हुवा है। कई स्पेल में हुई बारिश से मौसम में परिवर्तन आया है और लोगों को उमस से राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम खुशनुमा हो गया है। वाराणसी में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तो वहीं अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को शाम तक तेज बारिश हो सकती है। किसानों के लिए ये बारिश किसी वरदान से कम नहीं है।

मौसम वैज्ञानिक प्रो.मनोज श्रीवास्तव के अनुसार आर्द्रता, द्रोणिका, उत्तरी-पूर्वी हवाएं सब कुछ अनुकूल है, काफी आशा है कि ऐसा ही मौसम तीन-चार दिन तक और बना रह सकता है। रुक-रुक कर कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश होती रहेगी, वातावरण शीतल-सुहाना बना रहेगा। शुक्रवार को भी ऐसा ही हाल रहा, रुक-रुक कर रिमझिम सावनी फुहारों होती रही।
वाराणसी में बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी वृद्धि जारी है। हालांकि पानी बढ़ने की रफ्तार बढ़ी है। गंगा का जलस्तर सुबह 65.72 मीटर रिकार्ड किया गया। जलस्तर चेतावनी बिंदु से अभी काफी नीचे है। लेकिन सावधानी बरती जा रही है। ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। ऐसे में देखा जाए तो जलस्तर अभी काफी नीचे है। वैसे, पर्वतीय इलाकों में बारिश व बाढ़ के चलते गंगा में तेजी से पानी बढ़ता है। ऐसे में प्रशासन चौकन्ना है। नाविकों व आसपास रहने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।