Varanasi : वाराणसी में सिटी इलेक्ट्रिक बस के किराए में मंगलवार को बढ़ोतरी कर दी गई। इलेक्ट्रिक बसों में दुर्घटना निधि (एक्सीडेंटल फंड) 50 पैसे से बढ़ा कर एक रुपये होने से अब यात्रियों को तीन रुपये अतिरिक्त चुकाना पड़ेगा। यह बढोतरी सात माह बाद एक बार फिर हुई है। 3 किलोमीटर से 6 किलोमीटर की दूरी तक यात्रा करने में 17 रुपए देने पड़ते थे, मगर अब 20 रुपए लगेंगे। वहीं, 3 किलोमीटर से कम की यात्रा करने वालों से पहले की तरह से 12 रुपए देने होंगे।

इस बार प्रदेश के सभी 14 शहरों में सिटी बसों का किराया समान करने की वजह से अलग-अलग दूरी अनुसार किराया बढ़ा है। बढ़ोतरी दो से तीन रुपये तक की हुई है। सिटी ट्रांसपोर्ट की बसों में बिना सूचना किराया बढ़ने से यात्रियों में काफी नाराजगी भी है। कई जगह कंडक्टर व यात्रियों के बीच कहासुनी और विवाद भी हुआ। जून में एक बैठक के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव ने यूपी के शहरों में अलग-अलग किराया होने की बात कही थी। उन्होंने निर्देश दिया था कि सभी शहरों में एक समान किराया होना चाहिए।
इलेक्ट्रिक बसों का नया किराया
दूरी | किराया |
0-3 किमी | 12 रुपए |
3-6 किमी | 20 रुपए |
6-11 किमी | 25 रुपए |
11.1-15 किमी | 30 रुपए |
15.1-20 किमी | 35 रुपए |
20.1-25 किमी | 40 रुपए |
25.1-30 किमी | 45 रुपए |
30.1-35 किमी | 50 रुपए |
35.1-40 किमी | 55 रुपए |
2 साल पहले 5 रुपए कम था किराया
2 साल पहले वाराणसी में जब 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ था, तब 3 किलोमीटर का किराया 10 रुपए और 6 किलोमीटर का किराया 15 रुपए था। अब इसमें 5 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है। आज वाराणसी शहर में अभी 50 बसें चल रही हैं। इनके किराया में अधिकतम 5 रुपए की बढ़ोतरी देखी गई है।