Spread the love

वाराणसी के चौबेपुर में अपनी हरकतों की वजह से दूल्हे के अरमानों पर पानी फिर गया, रविवार रात में शादी के स्टेज पर दूल्हे के नशे में धुत होकर पहुंचने से हंगामा हो गया। उसके साथ उसके दोस्त भी शराब के नशे में सराबोर थे। नशे में दूल्हे ने दोस्तों के साथ मिलकर दुल्हन की सहेलियां से अश्लीलता की, सहेलियों से छेड़खानी और नशे में होने की बात जानकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। देर रात तक पंचायत चलती रही और आपसी सहमति के बाद बारात लौट गई।

दूल्हे के परिजनों ने होने वाली दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की लेकिन वो अपने फैसले पर अडिग रही। पुलिस की दखल के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष ने संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में समझौता कर लिया। सोमवार सुबह बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। कई लोग दुल्हन के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं।

क्या था मामला? 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से तय हुई थी। शादी के लिए हरहुआ में एक लॉन बुक किया गया था। रविवार शाम बरात धूमधाम से लॉन पहुंची। लड़की पक्ष ने उनका जमकर स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। इस दौरान उसके दोस्त भी स्टेज पर चढ़ गए।

कुछ ही देर में दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंची। जयमाल कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के दोस्त दुल्हन की सहेलियों पर छींटाकशी करने लगे। इससे दुल्हन और उसकी सहेलियां नाराज हो गईं। लोगों का आभास हुआ कि दूल्हे के दोस्त शराब के नशे में धुत हैं लेकिन लोग शांत रहे।

वरमाला डालते वक्त नशे की हालत में लड़खाड़ते दूल्हे की हरकत को देख दुल्हन का पारा चढ़ गया। वह स्टेज से उतरकर अपने कमरे में चली गई और नाराजगी जाहिर की। गुस्से से तमतमाई दुल्हन को स्टेज से उतरकर कमरे में जाते देख वहां मौजूद सभी लोग अवाक रह गए। दुल्हन के परिवार की महिलाएं उसके कमरे में पहुंचीं। दुल्हन ने शराबी दूल्हे के साथ शादी से इनकार कर दिया।

दूल्हे सहित बरातियों का नशा काफूर

दुल्हन ने शराबी दूल्हे के साथ शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान विवाह स्थल में हंगामा मच गया। सूचना मिलते ही दूल्हे सहित बरातियों और सगे संबंधियों का नशा काफूर हो गया। दूल्हे के पिता और भाई लड़की पक्ष से सम्मान की दुहाई देकर शादी के लिए गिड़गिड़ाने लगे, लेकिन बात नहीं बनी। दूल्हे और उसके दोस्तों ने हंगामा खड़ा करने की कोशिश की। दूल्हे के पिता और भाई ने सभी को वहां से बाहर निकाला और गाड़ी में बैठा दिया।

दूल्हा-दुल्हन पक्ष ने किया समझौता

दूल्हे के भाई ने अपनी मान-सम्मान की गुहार लगाते हुए दुल्हन के सामने काफी मिन्नतें की लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दुल्हन ने पूरी बात बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। सुबह करीब 4:30 बजे तक पंचायत चलती रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। थक-हार कर दूल्हा-दुल्हन पक्ष ने शादी में आए खर्च और अन्य सामान के लेन-देन को लेकर समझौता किया।

हरहुआ चौकी प्रभारी सचिन पटेल ने बताया कि दुल्हन का आरोप था कि दूल्हा शराब के नशे में धुत था। शराब पीने वाले से वह शादी नहीं करेगी। सूचना मिलते ही पुलिस लॉन में गई थी। दोनों पक्ष पुलिस चौकी पर भी आए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे आपस में सुलह समझौता कर दोनों पक्ष के लोग वापस चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *