Varanasi : वाराणसी के शिवपुर थानाक्षेत्र के चांदमारी क्षेत्र की वीडीए कॉलोनी में रविवार दोपहर सनसनीखेज घटना घटी। यहां दिनदहाड़े दो बदमाशों ने घर के बरामदे में खेल रही ढाई साल की बच्ची को किडनैप करने की कोशिश की। लोगों ने देखा तो शोर मचा दिया। इस पर बदमाश घर में घुस गए। बच्ची और मां को चाकू के दम पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों को छो़ड़ने के लिए 10 लाख की फिरौती मांगी। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस और बच्ची के पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद एक्शन में आई पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया। आननफानन मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंची। फिल्मी अंदाज में घर में दाखिल होकर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से बदमाशों को काबू में किया और बच्ची को सलामत रखते हुए परिवार को बाहर निकाला।

बच्चे को किडनैप कर भागने की फिराक में थे
घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की है। यहां भैया लाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह निर्माण निगम में सरकारी इंजीनियर हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर में उनकी ढाई साल की बच्ची घर के बरामदे में खेल रही थी। तभी दो युवक वहां पर गमछा लपेटे हुए पैदल चलकर आए। वे बच्ची को उठाकर भागने लगे। बच्ची को ले जाते लोगों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों बदमाश पकड़े जाने के डर से बच्ची को लेकर घर में लेकर घुस गये। उस समय घर में सिर्फ इंजीनियर की पत्नी ही थी। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर उन्हें बच्चे के साथ बंधक बना लिया। उसके बाद रिहा करने के लिए दस लाख रुपए की मांग करने लगे।

मौके पर मौजूद थी तीन थानों को पुलिस
सूचना पाकर डीसीपी अमित कुमार शिवपुर थाना सहित आसपास के अन्य तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। देखते ही घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। घर के बाहर से भीड़ को हटाकर किसी तरह पुलिस की एक टीम मकान में दाखिल हुई। गुत्थमगुत्थी के बाद पुलिस ने बदमाशों को धर दबोचा।दोनों बदमाशों की उम्र 20 वर्ष से कम है। दोनों इसी कॉलोनी के रहने वाले हैं। घटना में सुरक्षित बचे एनटीपीसी के इंजीनियर भाईलाल और उनकी बहू के चेहरे पर दहशत साफ नजर आ रही थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की। मौके पर पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन भी पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।